CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी द्वारा पति की पिटाई कर तलाक मांगने और तलाक न मिलने पर तीन मासूम बच्चों को लेकर घर से फरार होने का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि समाचार पत्र वारयल वीडीओ की पुष्टी नहीं करता है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
बता दें कि जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कबाड़ी मार्केट का एक मामला सामने आया है। जहां पीड़ित पति ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका निकाह आठ साल पूर्व सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सेटी गांव की रहने वाले अफसाना कुरैशी से हुआ था और शादी के एक साल बाद तक सब कुछ अच्छा चलता रहा लेकिन शादी के एक साल बाद आपस में विवाद शुरू हो गया और पत्नी अपने मायके चली गई और तीन महीने बाद महिला थाने पहुंची और पुलिस के सामने समझौते के बाद अपने पति के साथ रहने लगी लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों के बीच विवाद चलता रहा और इतना ही नहीं पत्नी आए दिन उससे मारपीट कर तलाक की मांग करती थी। जब उसने तलाक देने से इंकार कर दिया तो महिला घर छोड़कर फरार हो गई और अपने साथ तीनों मासूम बच्चों को साथ ले गई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि महिला घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गई है। वहीं घर से निकलते समय महिला बच्चों को लेकर जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दो महीने पहले भी पति की पिटाई कर महिला तलाक मांग रही थी जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दूसरी ओर पीड़ित ने अपने ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति सज्जाक ने थाना कोतवाली में तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है और वायरल वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
