फोटो परिचय- डाक बंगले में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।
– विकास योजनाओं की प्रगति परखी, निर्माण कार्य समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश
– बारिश से खराब सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर
– रोजगार योजनाओं में बढ़ाएं भागीदारी, पात्रों तक पहुंचाएं सरकारी योजनाओं का लाभ
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई भी पात्र परिवार आवास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए विभागीय अधिकारी गंभीरता से काम करें।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाबा साहब अंबेडकर प्रोत्साहन रोजगार योजना, उद्यान विभाग तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
आवास के साथ सुविधाएं भी उपलब्ध कराएं
केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के अंतर्गत चयनित पात्र लाभार्थियों के आवास निर्माण में तेजी लाई जाए। जिन परिवारों को आवास मिल चुके हैं, उन्हें बिजली कनेक्शन, शौचालय, शुद्ध पेयजल और उज्ज्वला योजना जैसी अनुमन्य सुविधाओं का लाभ भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्रता के बावजूद कोई परिवार आवास योजना से वंचित न रहे। सरकार की मंशा है कि जरूरतमंदों को पक्की छत उपलब्ध हो और उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।
सड़कों की मरम्मत में न हो देरी
बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और उनमें बने गड्ढों को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराकर उनका लाभ आम जनता तक पहुंचाया जाए।
रोजगार सृजन पर भी दिया जोर
वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य कराने, अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने और जॉब कार्डधारकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कानून व्यवस्था की भी ली जानकारी
विकास कार्यों की समीक्षा के साथ उप मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से जिले की कानून व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
