फोटो परिचय- पुलिस झंडा दिवस पर डीजीपी का संदेश पढ़ते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– पुलिस झंडा दिवस पर अधिकारियों व जवानों ने लिया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
– डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया, पुलिसकर्मियों के योगदान की हुई सराहना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अनुशासन, साहस और जनसेवा की मिसाल कायम करने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस के सम्मान में सोमवार को पुलिस लाइन में झंडा दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक की ओर से भेजे गए संदेश का वाचन कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभाग की गौरवशाली परंपराओं से अवगत कराया गया।
एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए साहस, निष्ठा और समर्पण की मिसाल पेश की है। पुलिस बल का सम्मान उसकी सेवा भावना, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से जुड़ा है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से विभाग की प्रतिष्ठा और गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक समेत मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस कलर का स्टीकर लगाकर संगठन के प्रति सम्मान और निष्ठा प्रकट की। समारोह में क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
