फोटो परिचय- ग्रामीणों को पंपलेट देकर सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान करते पासी समाज के लोग।
– 29 नवंबर के स्वाभिमान सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
– पंपलेट वितरण कर शिक्षा, संगठन और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से पासी जन जागृति संघ ने ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाले पासी स्वाभिमान सम्मेलन में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अभियान के तहत सनगांव, सेमरहटा, कशेरुवा, जमालपुर और जगतपुर गांडा सहित कई गांवों में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को संगठन के उद्देश्यों, कार्ययोजना और सामाजिक सरोकारों से अवगत कराने के लिए पंपलेट भी बांटे गए। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होना जरूरी है। शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को आगे लाने और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने में सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि स्वाभिमान सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास है। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से सामाजिक एकता और जागरूकता को नई मजबूती मिलेगी। जनसंपर्क के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से भी सम्मेलन में पहुंचने की अपील की गई।
इस मौके पर जगतपाल पासी, मुकेश कुमार, देवेंद्र पासवान, मन्नू पासी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे।




