फोटो परिचय-  जादुई प्रस्तुति के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक करते जादूगर गोगा।

– जय किसान मानव मेले में जादूगर गोगा की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

– मनोरंजन के साथ मद्यनिषेध का संदेश देकर सामाजिक जिम्मेदारी का कराया एहसास

CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। मनोरंजन के मंच को सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनाते हुए जय किसान मानव मेले में सोमवार को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। जादूगर रविन्द्र कुमार केसरवानी उर्फ गोगा ने अपने हैरतअंगेज कारनामों से जहां दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं नशे की लत से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को सचेत भी किया। उनके अनूठे अंदाज ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को कार्यक्रम से बांधे रखा।

नगर पंचायत धाता के सूर्यकुंड पक्का तालाब परिसर में चल रहे सात दिवसीय मेले में आयोजित मद्यनिषेध संगोष्ठी एवं जादू शो का शुभारंभ मेला संरक्षक अल्प नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान जादूगर गोगा ने मंच पर कई ऐसे करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। देखते ही देखते वस्तुओं का गायब हो जाना और हवा में चीजों को उड़ता देखकर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। हर नए करतब के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया।

प्रस्तुति को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए जादूगर ने नशे की सामाजिक बुराइयों को भी अपने कार्यक्रम का हिस्सा बनाया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की संगति और गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की, ताकि उन्हें नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।

मेले में इन दिनों प्रतिदिन देर शाम रामलीला का मंचन भी किया जा रहा है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आयोजकों की ओर से मनोरंजन के साथ सामाजिक चेतना से जुड़े कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं। जादू शो के दौरान दर्शकों ने कलाकार की प्रस्तुति का आनंद लेने के साथ नशा मुक्ति के संदेश को भी सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now