– 1.50 करोड़ तक की परियोजनाओं पर मिलेगा वित्तीय सहयोग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के पारंपरिक व्यंजनों से जुड़े कारोबारियों और नए उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र ने एक जनपद एक व्यंजन वित्त पोषण सहायता योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के अंतर्गत बेदमी पूरी-सब्जी, पेड़ा और सूतफेनी से जुड़े उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय संचालक अपने कारोबार की स्थापना, विस्तार या आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानें, चयनित उत्पाद तैयार करने वाली संस्थाएं तथा नए उद्यमी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन विभागीय पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। योजना के तहत 25 लाख से लेकर 1.50 करोड़ तक की परियोजनाओं पर निर्धारित मानकों के अनुसार मार्जिन मनी (अनुदान) उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर श्रेणी के लाभार्थियों को पांच प्रतिशत अंशदान स्वयं जमा करना होगा। उद्यम के दो वर्ष तक सफल संचालन के बाद मार्जिन मनी को बैंक ऋण में अनुदान के रूप में समायोजित कर दिया जाएगा। योजना के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है तथा किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। हालांकि, आवेदक ने पहले किसी अन्य सरकारी स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो और परिवार के केवल एक सदस्य को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। उद्योग विभाग ने जनपद के इच्छुक उद्यमियों से योजना का लाभ उठाकर स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों के व्यवसाय को बढ़ावा देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now