– मां के खाते में 50 हजार रुपये भेजने से नाराज था आरोपी, गला घोंटकर की थी हत्या
– वारदात छिपाने के लिए कुएं में फेंका शव, फिर यमुना में बहाकर मिटाने की कोशिश की साक्ष्य
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आर्थिक लेनदेन को लेकर उपजे विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में बदल दिया, जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। मां के खाते में 50 हजार रुपये भेजने से नाराज पिता ने अपनी ही बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को हादसा साबित करने के लिए उसने शव कुएं में डाल दिया और बाद में यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शुरुआत 19 नवंबर को हुई, जब ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद श्मशान घाट के समीप यमुना नदी में एक युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। इसी बीच जाफरगंज क्षेत्र के ग्राम बारा से लापता युवती प्राची सिंह के बारे में जानकारी मिली। बताया गया कि 9/10 नवंबर की रात उसकी कुएं में गिरने से मौत हो गई थी और परिजनों ने शव को नदी में प्रवाहित कर दिया था।
पुलिस ने नदी से बरामद शव के फोटो और पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए कपड़े व चादर परिजनों को दिखाए। मृतका की मां सुधा देवी और पिता जितेंद्र सिंह ने उसकी पहचान प्राची सिंह के रूप में की। शुरुआत में पिता ने पुलिस को बताया था कि चारा डालने के दौरान भैंस की टक्कर लगने से बेटी कुएं में गिर गई थी, जिससे उसकी जान चली गई।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और सिर में चोट लगने के संयुक्त प्रभाव से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटना की कहानी पर संदेह जताते हुए गहन छानबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि प्राची ने घटना से पहले पिता के बैंक खाते से 50 हजार रुपये अपनी मां के खाते में स्थानांतरित किए थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार शराब का आदी जितेंद्र इस लेनदेन से बेहद नाराज था।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने 9/10 नवंबर की रात बेटी की गला कसकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वारदात छिपाने के लिए शव को घर के सामने स्थित कुएं में डाल दिया। लोगों को गुमराह करने के लिए शोर मचाकर भैंस की टक्कर से बेटी के कुएं में गिरने की कहानी भी सुनाई। अगले दिन सुबह शव कुएं से निकालकर बिना पुलिस को सूचना दिए यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। सोमवार को पुलिस ने वांछित अभियुक्त जितेंद्र सिंह पुत्र नाहर सिंह निवासी ग्राम बारा, थाना जाफरगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ जाफरगंज थाने में मुकदमा संख्या 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
