फोटो परिचय-  पीबीएल प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक एवं अभ्यर्थी।

– पीबीएल पद्धति से कक्षाओं में बढ़ेगी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी

– गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से पढ़ाई को रोचक बनाने पर दिया जोर

 

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। परंपरागत शिक्षण प्रणाली से आगे बढ़कर बच्चों को अनुभव और प्रयोग के आधार पर शिक्षा देने की दिशा में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में महत्वपूर्ण पहल की गई। संस्थान में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शनिवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को ऐसी शिक्षण तकनीकों से परिचित कराया गया, जिनके माध्यम से विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर वास्तविक परिस्थितियों से जुड़कर सीख सकेंगे।

डायट प्राचार्य मायाराम ने प्रशिक्षित शिक्षकों से कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालयों की कक्षाओं में व्यवहारिक रूप से लागू करें। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता को ध्यान में रखते हुए शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावशाली एवं सहभागितापूर्ण बनाने पर बल दिया।

प्रशिक्षण सत्र में संदर्भदाता डॉ. सुनील कुमार तिवारी, डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी, रमाशंकर गुप्ता और सौष्ठव त्रिपाठी ने विभिन्न गतिविधियों तथा उदाहरणों के जरिए परियोजना आधारित शिक्षण की बारीकियां समझाईं। शिक्षकों को बताया गया कि किस तरह किसी विषय से संबंधित समस्या की पहचान कर प्रश्न तैयार किए जाते हैं और उपलब्ध संसाधनों के जरिए परियोजना को पूरा कराया जाता है। इसके साथ ही समूह में कार्य करने, अपने विचार प्रस्तुत करने और विद्यार्थियों की प्रगति का मूल्यांकन करने के तरीके भी बताए गए।

प्रशिक्षकों ने कहा कि पीबीएल पद्धति अपनाने से बच्चों में रटने की प्रवृत्ति कम होगी और वे स्वयं खोजकर सीखने के लिए प्रेरित होंगे। इससे उनमें तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास तथा समस्याओं का समाधान खोजने की योग्यता विकसित होगी।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को शिक्षण कार्य में नए प्रयोगों की दृष्टि से उपयोगी बताया। सभी को पीबीएल प्रशिक्षण मॉड्यूल भी प्रदान किया गया, ताकि विद्यालयों में इस पद्धति को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जा सके। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता आरती गुप्ता, राकेश सचान, अजीत कुमार निगम, शशांक शुक्ला, सेवारत प्रशिक्षण प्रभारी विनय कुमार मिश्र समेत डायट के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now