फोटो परिचय- प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते महाविद्यालय के प्राचार्य।
* महिला महाविद्यालय बिंदकी में आयोजित हुई अंतर-महाविद्यालयी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
* 19 नवंबर से शुरू होगा सामूहिक दवा सेवन अभियान, घर-घर पहुंचकर खिलाई जाएगी दवा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में राजकीय महिला महाविद्यालय बिंदकी में जागरूकता कार्यक्रम के साथ अंतर-महाविद्यालयी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। पीसीआई इंडिया के सहयोग से हुए इस आयोजन में विद्यार्थियों को बीमारी की गंभीरता समझाने के साथ इसके बचाव में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के चार शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। जागरूकता सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमण के कारण, इसके लक्षण और शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। बीमारी से सुरक्षा के लिए निर्धारित दवाओं का सेवन और जन-जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके बाद ‘कौन बनेगा फाइलेरिया चैंपियन’ नाम से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। इसमें अलग-अलग चरणों में फाइलेरिया से संबंधित सवाल पूछे गए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी और समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेश को रोचक अंदाज में युवाओं तक पहुंचाया गया। विजेता एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी, पीसीआई इंडिया के मंडलीय अधिकारी शिवम पांडेय तथा विकासखंड स्तरीय टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में आगामी 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक सामूहिक दवा सेवन अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान पात्र लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा दी जाएगी।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
