फोटो परिचय- फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक में शामिल चेयरमैन व अन्य अधिकारी।
* 19 नवंबर से शुरू होगी पहल, घर-घर दवा सेवन के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे सभासद
* बीमारी से जुड़ी भ्रांतियां दूर कर अभियान को सफल बनाने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम और उन्मूलन के लिए नगर पालिका परिषद ने जनजागरूकता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर पालिका सभागार में चेयरमैन की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें शहर के सभी 34 वार्डों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति बनाई गई। तय किया गया कि 19 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान में सभासद अपने-अपने वार्डों में लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक करेंगे।
बैठक में अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार, पीसीआई इंडिया के डीओ शिवम पांडेय, नोडल अधिकारी साहबुद्दीन और एसएमसी शुभम रस्तोगी समेत संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दवा सेवन और जनजागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे लोगों को बीमारी के खतरे, बचाव के उपायों और दवा सेवन के महत्व की जानकारी दें।
अभियान के दौरान दवा को लेकर लोगों के मन में मौजूद आशंकाओं और भ्रांतियों को दूर करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने को कहा गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नागरिकों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
नगर पालिका के सभी 34 वार्डों में संबंधित सभासदों के माध्यम से अभियान की शुरुआत कर लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का सामूहिक सहयोग जरूरी है।
