– अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद नई राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं तेज
– 2022 में सदर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी रहे अय्यूब ने समर्थकों संग थामा सपा का दामन
विनय त्रिवेदी “बीनू”
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। जिले की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी से अपनी राजनीतिक पहचान बनाने वाले वरिष्ठ नेता एवं वर्ष 2022 में सदर विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे अय्यूब खान ने अब समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में अय्यूब खान ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके इस कदम के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अय्यूब खान ने बसपा के जरिए राजनीति में कदम रखा था। संगठन में सक्रिय रहते हुए उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ और समर्थकों का आधार तैयार किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने उन्हें सदर सीट से प्रत्याशी बनाया था। चुनाव के बाद भी उनकी क्षेत्रीय सक्रियता बनी रही। अब सपा में शामिल होने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर नए समीकरणों पर चर्चा होने लगी है।
अय्यूब खान की सपा में एंट्री को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सियासी जानकारों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि पार्टी उन्हें संगठन में क्या जिम्मेदारी देती है। समर्थकों की संख्या और क्षेत्र में उनके संपर्कों को देखते हुए सपा में उनकी भूमिका को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
अय्यूब खान को सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी का करीबी भी माना जाता रहा है। ऐसे में सपा में उनके शामिल होने के पीछे बने राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पार्टी स्तर पर उनकी आगामी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सियासी तौर पर महत्वपूर्ण सदर विधानसभा क्षेत्र में अय्यूब खान की सक्रियता पहले से रही है। ऐसे में उनके सपा में आने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर कितना फायदा मिलता है, यह आने वाले समय में साफ होगा। फिलहाल उनके समर्थकों में उत्साह है और जिले की राजनीति में उनकी नई पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
