– हादसे में 35 वर्षीय जीतू सिंह परिहार ने तोड़ा दम, अनुज कुमार अस्पताल में भर्ती
– दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन, परिवार में मचा कोहराम
– पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, परेठी गांव निवासी शिव शंकर लाल का 23 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार और बहुआ कस्बा निवासी वीरेंद्र सिंह परिहार का 35 वर्षीय पुत्र जीतू सिंह परिहार एक ही बाइक से किसी काम के सिलसिले में निकले थे। इसी दौरान बहुआ कस्बे के समीप उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जीतू सिंह परिहार को निजी वाहन से अस्पताल भिजवाया, जबकि अनुज कुमार को एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एंबुलेंस पर ईएमटी ऋतिक कुमार और पायलट अनिल कुमार तैनात थे।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद जीतू सिंह परिहार को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अनुज कुमार को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
