बारिश के बाद क्षतिग्रस्त कच्चे मकान का दृश्य।

– पहाड़पुर में मकान की दीवारें दरकीं, सोनारी में मलबे में दबी गृहस्थी
– पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सर्वे, आर्थिक सहायता और आवास की लगाई गुहार

सिटी न्यूज़ फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विकास खंड विजयीपुर की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में बारिश के कारण पुराने पाल का वर्षों पुराना कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मिट्टी की दीवारें पानी सोखने से कमजोर हो गईं और जगह-जगह दरारें पड़ गईं। मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने सुरक्षित ठिकाने का संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों के मुताबिक कई दिनों से लगातार बारिश होने के कारण मकान की हालत लगातार बिगड़ रही थी। रविवार को अचानक मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उस समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन संयोग से किसी को चोट नहीं आई। हादसे के बाद परिवार ने घर में रखा सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।
पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मकान की मरम्मत कराना भी मुश्किल है। बारिश के बीच क्षतिग्रस्त मकान में रहने से परिवार को हर समय किसी बड़े हादसे का डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई कच्चे और जर्जर मकान बरसात के कारण खतरे में हैं। ऐसे में प्रशासन को समय रहते सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने के साथ पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि जानकारी मिलने पर ग्राम सचिव को मौके पर भेजा गया है। परिवार की स्थिति और नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। नियमानुसार पीड़ित परिवार की हर संभव मदद कराई जाएगी।

 

सोनारी में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबा हजारों का सामान

सिटी न्यूज़ फतेहपुर
धाता, फतेहपुर। विकास खंड धाता के सोनारी गांव में शनिवार रात तेज बारिश के दौरान विजय कुमार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में लकड़ी का सामान, बिस्तर, अनाज समेत गृहस्थी का काफी सामान दबकर खराब हो गया।
हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विजय कुमार के मुताबिक लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें पहले ही कमजोर हो चुकी थीं। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now