फोटो परिचय: जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मार्चपास्ट करते खिलाड़ी और उपस्थित अतिथि।

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में बिंदकी ने 344 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप जीती, जबकि खागा 239 अंकों के साथ दूसरे और फतेहपुर 184 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

दूसरे दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। क्रीड़ा सचिव भोला सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।

व्यक्तिगत चैंपियनशिप में सब जूनियर बालक वर्ग में बिंदकी के लक्ष्य, सब जूनियर बालिका वर्ग में वर्षा, जूनियर बालक वर्ग में अर्पित और जूनियर बालिका वर्ग में नैंसी ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किए।

सीनियर बालिका वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ में स्नेहा जान, हैमर थ्रो में राधा, 200 मीटर दौड़ में प्रीति, डिस्कस थ्रो में लक्ष्मी और 3000 मीटर दौड़ में रीना देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अंतिम स्पर्धा 4×100 मीटर रिले दौड़ को जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने हरी झंडी दिखाई। समापन पर तीनों तहसीलों के खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट किया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने ध्वज उतारकर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर क्रीड़ा सचिव भोला सिंह, प्रदीप सिंह चौहान, अतुल सिंह, शिवप्रताप सिंह, हरिशंकर सहित विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now