CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना क्षेत्र के कोर्रा कनक गांव में शराब छोड़ने की नसीहत से क्षुब्ध 54 वर्षीय अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बिंदकी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोर्रा कनक निवासी रामशरण का पुत्र विनय कुमार ने रविवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह आनन-फानन उसे बिंदकी सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई राम अतुल ने बताया कि विनय का बड़ा पुत्र प्रयागराज में रहता है। उसने पिता को शराब छोड़ने की नसीहत दी थी। इसी बात से वह क्षुब्ध हो गया और शराब के साथ जहरीला पदार्थ पी लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
