– जलभराव वाले इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों को न जाने देने की अपील
– हादसा होने पर तत्काल 112 या राजस्व टीम को दें सूचना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित हादसों को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है। बारिश के कारण कमजोर मकानों, पुरानी दीवारों और जलभराव वाले स्थानों पर खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि कच्चे और जर्जर मकानों के अलावा ऐसी पुरानी दीवारों के आसपास न जाएं, जिनके गिरने की संभावना हो। बारिश के दौरान कमजोर भवनों में रहना भी खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
जलभराव को लेकर भी प्रशासन ने एहतियात बरतने को कहा है। घरों और कमरों में पानी भरने की स्थिति में वहां रहने से बचें तथा फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रख लें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से पानी भरे स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कहीं मकान या दीवार गिरने, दुर्घटना होने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की स्थिति सामने आती है तो तत्काल पुलिस अथवा संबंधित राजस्व टीम को सूचना दी जाए, जिससे राहत और बचाव कार्य में देरी न हो। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा है। प्रशासन का जोर इस समय किसी भी संभावित हादसे को टालने और जरूरत पड़ने पर त्वरित राहत पहुंचाने पर है। वहीं, बारिश के मद्देनजर प्राथमिक कक्षाओं के विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की सूचना भी सामने आई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और आसपास के लोगों को भी सावधानी बरतने के लिए जागरूक करें।
