फोटो परिचय- (1) मतदान केंद्र पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जानकारी लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– मतदान केंद्रों का औचक दौरा कर आवेदनों के निस्तारण की जांच की
– 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के दिए निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शहर के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रही गतिविधियों का जायजा लेते हुए बीएलओ से कार्य की प्रगति जानी और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
निरीक्षण के क्रम में डीएम लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी पहुंचीं, जहां बूथ संख्या 141 से 146 तक की व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 37 से 42 तथा सरस्वती शिशु मंदिर चौक स्थित मतदान केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, अपात्र नामों को हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी प्रकार की त्रुटि या पात्र नागरिक का नाम छूटना गंभीर विषय है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी से अभियान को आगे बढ़ाएं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी योग्य युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने निर्देशित किया कि नाम बढ़ाने, हटाने और संशोधन से जुड़े प्रत्येक आवेदन की जांच कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बीएलओ केवल बूथों तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर पहुंचकर नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम देखने और आवश्यक सुधार कराने के लिए प्रेरित करें। कार्य में उदासीनता मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और उससे संबंधित विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा किसी जानकारी में गलती है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक सुधार कराएं।
निरीक्षण के दौरान पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज और सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य, संबंधित बूथों के बीएलओ तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




