फोटो परिचय- मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
* विशेष पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के निर्देश
– 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेगा विशेष अभियान
CITY NEWS FATEHPUT
फतेहपुर(CNF। लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मतदाता सूची में योग्य मतदाताओं के नाम शामिल कराने में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन कार्य में उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए यह निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का सुपरवाइजरवार जायजा लिया। नए मतदाताओं के पंजीकरण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं, नो मैपिंग और मतदाता सूची के सत्यापन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज कराना है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नो मैपिंग, स्थानांतरित और सूची से हटाए गए नामों का नियमानुसार पुनः परीक्षण किया जाए। विधानसभा की मतदाता सूची का क्षेत्र पंचायत और नगर पंचायत की सूचियों से मिलान कर उन लोगों की पहचान की जाए, जो पात्र होने के बावजूद मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे नागरिकों का घर-घर संपर्क कर पंजीकरण कराया जाए।
डीएम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, कोटेदार, रनर प्रधान, पूर्व प्रधान तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित कर आलेख्य मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाए। इससे सूची में नाम छूटने या गलत दर्ज होने की जानकारी समय रहते मिल सकेगी।
उन्होंने सुपरवाइजरों को बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करने और रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण करने को कहा। निर्देश दिया कि बीएलओ रजिस्टर में स्थानांतरित, नो मैपिंग और सूची के मिलान में सामने आए छूटे हुए नामों के संबंध में की गई कार्रवाई का कारण सहित पूरा विवरण दर्ज कराया जाए। मतदाता सूची में महिला-पुरुष अनुपात और नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा।
बैठक में मतदाता सूची की तकनीकी खामियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने मकान संख्या में गड़बड़ी, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम, अस्पष्ट फोटो और उम्र संबंधी विसंगतियों को चिह्नित कर नियमानुसार संशोधन कराने के निर्देश दिए। जिन मतदाताओं के मकान नंबर सही प्रारूप में दर्ज नहीं हैं, उनमें सुधार कराया जाए। एआरओ और एईआरओ को अभियान की लगातार निगरानी कर प्रगति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एआरओ, एईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, सुपरवाइजर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
