– छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का नए सिरे से हुआ निर्धारण, निर्वाचन आयोग ने सूची पर लगाई मुहर
– हुसैनगंज और खागा में एक-एक मतदान केंद्र बढ़ा, अब जिले में कुल 2318 मतदेय स्थल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने जिले की मतदान व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। मतदाताओं की सुविधा और चुनावी प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद जारी नई सूची में जिले के कुल 46 मतदेय स्थल कम हो गए हैं। वहीं मतदान केंद्रों की संख्या में दो का इजाफा हुआ है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय ने बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए चलाए जा रहे फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। आयोग से मंजूरी मिलने के बाद अब जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 2364 के स्थान पर 2318 हो गई है। इसी तरह मतदान केंद्रों की संख्या 1404 से बढ़कर 1406 पहुंच गई है।
विधानसभावार आंकड़ों पर नजर डालें तो जहानाबाद में 10 मतदेय स्थल कम होकर 385 रह गए हैं। बिंदकी में पांच की कमी के साथ संख्या 378 हो गई है। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में सात घटकर 414 और अयाह शाह में एक कम होकर 326 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। हुसैनगंज में 12 की कमी के बाद 388 तथा खागा में 11 घटकर 427 मतदेय स्थल शेष रह गए हैं।
मतदान केंद्रों के मामले में हुसैनगंज और खागा विधानसभा क्षेत्रों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हुसैनगंज में एक केंद्र बढ़ने से संख्या 246 से 247 और खागा में 255 से बढ़कर 256 हो गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग से अनुमोदित नई सूची को जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करा दिया गया है। मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र के अनुसार सूची देखकर संबंधित मतदान केंद्र और मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
