फोटो परिचय- पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी बात रखतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।
– महिला आरक्षण से राजनीति में बढ़ेगी आधी आबादी की भागीदारी, 33 प्रतिशत हिस्सेदारी को बताया ऐतिहासिक पहल
– परिसीमन से प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ने की उम्मीद, केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिला सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक व्यापक बनाने की दिशा में परिसीमन एवं महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा से पारित किए जाने पर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए इसे देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
पत्रकारों से बातचीत में राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की पहल से उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे। अब तक निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत सीमित रही है, लेकिन आरक्षण के माध्यम से उनकी आवाज को जनप्रतिनिधित्व में अधिक मजबूती मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से लोकतांत्रिक व्यवस्था को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है। इससे विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का अवसर बढ़ेगा।
कृष्णा पासवान ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों को राहत पहुंचाई है। इन योजनाओं में महिलाओं को केंद्र में रखकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है।
प्रदेश की योगी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं, जबकि अब लाभार्थियों तक सहायता राशि सीधे बैंक खातों के माध्यम से पहुंचाई जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियां महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक साबित होंगी।





