फोटो परिचय-  सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी व ब्लड सेंटर संचालक।

– सीएमओ कार्यालय में हुई समन्वय बैठक, रक्त उपलब्धता और शिविरों की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
– समय से रिपोर्टिंग और बेहतर क्रॉस मैचिंग व्यवस्था पर अधिकारियों ने दिया जोर
– टीबी मरीजों को गोद लेकर उपचार के साथ पोषण सामग्री उपलब्ध कराने पर बनी सहमति

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जिले में रक्त की उपलब्धता को सुचारु बनाए रखने के साथ अब टीबी मरीजों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पहल शुरू की गई है। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित ब्लड बैंक समन्वय बैठक में जिले के विभिन्न ब्लड सेंटर संचालकों ने टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. यूबी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में रक्त संचरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ब्लड सेंटरों में मौजूद रक्त यूनिटों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यकता के समय मरीजों को समय से रक्त उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में रक्तदान शिविरों के आयोजन, रक्त की उपलब्धता, क्रॉस मैचिंग प्रक्रिया तथा एलटीओ के प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही शासन स्तर पर भेजी जाने वाली रिपोर्ट को निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे रक्त भंडारण और वितरण की स्थिति की नियमित निगरानी हो सके।

इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डा. अशोक कुमार ने ब्लड बैंक संचालकों से टीबी मरीजों के उपचार में सामाजिक भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ मरीजों को पर्याप्त पोषण मिलना भी जरूरी है। उन्होंने सभी ब्लड बैंक संचालकों से मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

जिला क्षय रोग अधिकारी की अपील पर बैठक में मौजूद सभी ब्लड बैंक संचालकों ने सहमति जताई। संचालकों ने टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी पोषण संबंधी जरूरतों में सहयोग करने और आवश्यक पोषण सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही। इस पहल को टीबी उन्मूलन अभियान में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में जिला चिकित्सालय के डा. अभिषेक सिंह, आभा ब्लड बैंक सेंटर के डा. अभिषेक त्रिपाठी, मानस ब्लड सेंटर के डा. कैलाश पटेल, श्याम ब्लड बैंक के डा. प्रवीण कुमार, चैरिटेबल केंद्र सौरा के डा. आशीष कुमार, टीबी-एचआईवी कोआर्डिनेटर मो. नसीम, काउंसलर दीपाली वर्मा, मो. फैज, प्रशांत चतुर्वेदी समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now