दूषित मिठाइयों को नष्ट कराती खाद्य विभाग की टीम।
– सतनरैनी के कारखाने में गंदगी के बीच तैयार हो रही थी मिठाइयां
– 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज, सुधार तक उत्पादन पर रोक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को खागा थाना क्षेत्र के सतनरैनी गांव स्थित मिठाई निर्माण कारखाने में छापेमारी कर टीम ने करीब 30 कुंतल दूषित मिठाइयों का निस्तारण कराया। मौके से 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल भी सीज किया गया। कारखाने में आवश्यक सुधार होने तक उत्पादन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने बबलू पुत्र थान सिंह के कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली और अस्वच्छ वातावरण में मिल्क केक, बर्फी तथा छेना रसगुल्ला तैयार किए जा रहे थे। निर्माण में दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
खाद्य अधिकारियों ने गुणवत्ता पर संदेह होने पर छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। कार्रवाई के दौरान कारखाने में तैयार करीब 10 कुंतल मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई। इसके अलावा पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज, कोडरपुर में रक्षाबंधन पर बिक्री के लिए रखी गई इसी कारखाने की करीब 20 कुंतल मिठाई भी नष्ट कराई गई। इस तरह कुल 30 कुंतल मिठाइयों का निस्तारण किया गया।
विभाग ने कारखाना संचालक के खिलाफ इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि जब तक कारखाने में जरूरी सुधार नहीं किए जाते, तब तक इसका संचालन नहीं होने दिया जाएगा। वहीं 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह मौजूद रहे। खाद्य विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चन्द्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।
