मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करतीं छात्राएं।
– भारतीय संस्कृति और पारंपरिक संस्कारों से जुड़ने का दिया संदेश
– उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के शांतिनगर स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को राखी मेकिंग और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी राखियों और मेहंदी की आकर्षक डिजाइनों से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राखी मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगीन धागों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से सुंदर राखियां तैयार कीं। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक डिजाइन बनाकर अपनी कलात्मक दक्षता दिखाई। प्रतियोगिताओं को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
विद्यालय के प्रबंधक दिलशाद अहमद एवं प्रधानाचार्य आरती सोनी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मक क्षमता विकसित होने के साथ उनमें भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति लगाव भी बढ़ता है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का योगदान रहा। इस मौके पर पूजा सोनी, शगुफ्ता परवीन, समाना जहरा, जैस्मिन बेगम, श्रेया यादव, अनामिका विश्वकर्मा, हिना परवीन, नूर शिफा, पूजा गौतम, सय्यद अदनान समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
