जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जाते पीड़ित।

– एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी न होने से पीड़ितों में नाराजगी
– करीब 50 ग्रामीणों से आभूषण बनवाने के नाम पर रकम लेने का आरोप

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आभूषण बनवाने के नाम पर करीब 50 ग्रामीणों से चार से पांच करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पीड़ितों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ितों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की है। इतना ही नहीं, कई पीड़ितों के बयान भी दर्ज नहीं किए गए हैं।

बिसौली क्षेत्र के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक बिसौली क्षेत्र में किराए के मकान में ज्वैलर्स की दुकान चलाने वाले दशरथ और उसके साथियों ने क्षेत्र के लोगों को आभूषण तैयार कराने का भरोसा देकर उनसे रकम जमा कराई। आरोप है कि करीब 50 लोगों से धीरे-धीरे चार से पांच करोड़ रुपये तक की रकम ले ली गई।

पीड़ितों का कहना है कि आरोपित ने दुकान और कारोबार को लेकर लोगों का विश्वास हासिल किया और इसके बाद आभूषण बनवाने के नाम पर रकम लेता रहा। समय बीतने के बाद जब लोगों को आभूषण नहीं मिले तो उन्होंने जानकारी जुटाई, जिसके बाद कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया।

ग्रामीणों ने दशरथ के अलावा गंगाराम, रवींद्र रस्तोगी और शहर के पटेल नगर स्थित मुन्ना मोबाइल शॉप के संचालक पर भी मामले में संलिप्तता का आरोप लगाया है। पीड़ितों के मुताबिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन इसके बाद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। उनका आरोप है कि न तो सभी पीड़ितों के बयान लिए गए और न ही आरोपितों की गिरफ्तारी हुई।

पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी पीड़ितों के बयान दर्ज कराने, आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की। साथ ही कथित रूप से ठगी गई रकम वापस दिलाकर न्याय दिलाने की भी गुहार लगाई।

इस दौरान राहुल पटेल, कामता, ओम प्रकाश, रामबाबू, छोटेलाल, मिथलेश कुमार, विमला देवी, फूलमती देवी, सुनीता, कुंवारे, गुड़िया, रामलाल, चंदन, सोनी देवी, रोहित, श्यामलाल, ऊषा देवी, अखिलेश समेत अन्य पीड़ित मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now