डीआईओएस को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
– समस्याएं दूर न होने पर आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के साथ वार्ता कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
वार्ता के दौरान चार शिक्षक-कर्मचारियों के प्रथम वेतन भुगतान के आदेश जारी किए गए। वहीं 17 अन्य शिक्षक-कर्मचारियों के अवशेष भुगतान से संबंधित पत्रावलियों की अनुमन्यता की प्रक्रिया भी पूरी की गई। मानव संपदा पोर्टल से जुड़े कई मामलों का भी मौके पर निस्तारण कराया गया।
संघ ने पुरानी पेंशन बहाली, एनपीएस की समस्याओं, प्रोन्नति वेतनमान, लंबित अवशेष भुगतान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, मुख्यमंत्री चिकित्सकीय सहायता योजना और मानव संपदा पोर्टल में संशोधन समेत विभिन्न मांगें प्रमुखता से उठाईं। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से प्रकरण लंबित होने के कारण शिक्षकों और कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने शेष लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का आश्वासन दिया। संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। प्रथम वेतन, अवशेष भुगतान, पेंशन और अन्य सेवा संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध समाधान जरूरी है। यदि लंबित मामलों का जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल सिंह चौहान, जिलामंत्री अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बलराम, आय-व्यय निरीक्षक देवी प्रसाद, उपाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा, सुशील कुमार, अजीत सिंह, अंकित कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
