बहुआ ब्लाक में बैठक करते भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी।
– बैठक में किसानों की समस्याओं और पुलिस-राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की मंगलवार को विकासखंड बहुआ में बैठक हुई। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं के साथ पुलिस और राजस्व विभाग पर मामलों के निस्तारण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्याओं का समाधान न होने पर नौ सितंबर से शाह पुलिस चौकी का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा।
बैठक में एक किसान की मेड़ तोड़कर दूसरे पक्ष द्वारा खेत पर कब्जा किए जाने के मामले को प्रमुखता से उठाया गया। किसान की शिकायत पर दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर सुनवाई की गई थी। इस दौरान मेड़ तोड़ना गलत मानते हुए उसे पूर्व स्थिति में बांधने और संबंधित भूमि की पैमाइश कराने की बात कही गई थी। दोनों पक्ष इस पर सहमत भी हुए थे, लेकिन आरोप है कि कई दिन बीतने के बाद भी मेड़ नहीं बंधवाई गई।
पीड़ित किसान ने दोबारा चौकी प्रभारी को मामले की जानकारी दी, लेकिन उसे कुछ और समय देने की बात कही गई। इसके बाद किसान ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। किसान नेताओं के अनुसार जिलाधिकारी ने भी मेड़ तोड़े जाने को गलत मानते हुए उसे बंधवाने तथा संबंधित गाटा नंबरों का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि जमीन संबंधी शिकायतों में यदि पुलिस और राजस्व विभाग स्तर से समय पर कार्रवाई नहीं होगी तो किसान न्याय के लिए कहां जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नौ सितंबर से शाह चौकी का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा। बैठक के अंत में किसानों ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे लगाए और आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
