महिला जनसुनवाई करतीं आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति।
– जनसुनवाई में आईं पांच शिकायतें, एक का निस्तारण
– वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंची महिलाओं की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के बाद पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा भी की गई। महिला आयोग की सदस्या ने संबंधित अधिकारियों से लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उपस्थित महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े कानूनों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अंजू प्रजापति ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक शत-प्रतिशत पहुंचना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद उन्होंने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सभी आवश्यक सेवाएं, कानूनी सहायता और परामर्श पूरी संवेदनशीलता तथा तत्परता के साथ उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर प्रभावी सहयोग मिल सके। इस अवसर पर सदर नायब तहसीलदार, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
