फोटो परिचय- रामगंज पक्का तालाब के वार्ड नंबर नौ में बदहाल रास्तों पर जलभराव और कीचड़ से जूझते लोग।
– जलभराव और कीचड़ के बीच निकलना हुआ दुश्वार, स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
– स्थानीय लोगों ने खुद खर्च कर डलवाया मलबा, डीएम और नगर पालिका से सड़क निर्माण की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के लखनऊ बाईपास स्थित रामगंज पक्का तालाब क्षेत्र में सड़क निर्माण की अनदेखी स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। वार्ड नंबर नौ में राजेंद्र पेट्रोलियम (सीएनजी) के पीछे समीर त्रिवेदी की कोठी के आसपास कई रास्तों की हालत बेहद खराब है। सड़कें न बनने से रास्तों पर कीचड़ और पानी जमा है, जिससे लोगों का रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रास्तों की बदहाली के चलते पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को भी कीचड़ और जलभराव के बीच से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों के लिए स्थिति अधिक कठिन बनी हुई है।
समस्या से निजात पाने के लिए क्षेत्रीय लोगों ने अपने स्तर पर रास्ते में मलबा डलवाकर आवागमन सुचारु करने की कोशिश की, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि वार्ड में सड़क निर्माण की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है, इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। स्थानीय सभासद मोहम्मद साबिर से भी लोगों को पहल की उम्मीद है।
मुकेश समेत अन्य निवासियों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कराकर जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव और कीचड़ की समस्या से छुटकारा मिल सके।
