– जिले के बागवानों से भागीदारी की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आम की उन्नत खेती, नई तकनीकों और विपणन के अवसरों से किसानों को जोड़ने के उद्देश्य से 3 से 5 जुलाई तक लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने जनपद के बागवानों, कृषक उत्पादक संगठनों और पौधशाला संचालकों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में आम उत्पादक किसान अपने बागों की विभिन्न प्रजातियों के आम का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी एक किलोग्राम अथवा पांच आम प्रदर्शनी के लिए प्रस्तुत कर सकता है। वहीं, जो बागवान, कृषक उत्पादक संगठन और पौधशाला संचालक अपने उत्पाद या पौधों का विक्रय करना चाहते हैं, उन्हें स्टॉल लगाने की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिले के प्रतिभागियों को 3 जुलाई की सुबह विभाग की ओर से विशेष बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बसें अभयपुर/बड़ाहार चैडगरा तथा ग्राम सरौली हथगांव से प्रस्थान करेंगी, जिससे इच्छुक किसान और बागवान महोत्सव में आसानी से शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा आम की उन्नत किस्मों, आधुनिक खेती, नवाचार, प्रसंस्करण, विपणन तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित तकनीकी जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों को आम उत्पादन बढ़ाने और बेहतर आय के नए अवसरों की जानकारी मिलेगी। इच्छुक प्रतिभागी जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय विकास भवन के कक्ष संख्या-139 में संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित विकास खंडों के क्षेत्रीय प्रभारियों से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
