तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से 22 वर्षीय रोहित की मौके पर मौत, मां नीलम कानपुर रेफर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास स्थित एनएच-2 पर गुरुवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के मोइनुद्दीनपुर गांव निवासी स्व. उत्तम सिंह की पत्नी नीलम (45) अपने बेटे रोहित (22) के साथ बाइक से लौट रही थीं। इसी दौरान लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नीलम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे की सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल नीलम के साथ रोहित के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के पड़ोसी भाई महेंद्र ने बताया कि रोहित अपनी मां के साथ बड़े भाई मोहित पाल के लिए लड़की देखने खागा गया था। लड़की देखकर दोनों वापस गांव लौट रहे थे। रास्ते में हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा रहा।
