फोटो परिचय- (7) पूरे मामले का खुलासा करते एएसपी ज्ञान प्रकाश राय एवं पीछे खड़े गिरफ्तार आरोपी।

* पिकअप का शीशा तोड़कर बदमाशों की फायरिंग और नकदी लूटने का रचा नाटक

* सीसीटीवी कैमरों ने खोली पोल, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचकर 1.52 लाख रुपये किए बरामद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। माल की बिक्री से मिली रकम को हड़पने के लिए दो युवकों ने लूट की ऐसी पटकथा तैयार की, जिसे सुनकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पिकअप का शीशा तोड़ने से लेकर तमंचा रखकर फायरिंग और नकदी लूटे जाने की सूचना देने तक पूरा घटनाक्रम सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी ने दोनों की चालाकी पर पानी फेर दिया। ललौली पुलिस, क्राइम डिटेक्शन टीम और सर्विलांस सेल ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 1.52 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद हुआ है।

सोमवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 14 नवंबर को ललौली थाना क्षेत्र के महाखेड़ा गांव के समीप पिकअप सवार से बाइक सवार बदमाशों द्वारा फायरिंग कर 1,52,735 रुपये और मोबाइल फोन लूटने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में ही घटनाक्रम संदिग्ध नजर आया। पिकअप मालिक आशीष अवस्थी ने भी चालक राज शुक्ला की बताई कहानी पर भरोसा नहीं जताया और पुलिस को तहरीर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में एएसपी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जाफरगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो कथित लूट की कहानी की परतें खुलने लगीं। जांच में सामने आया कि चालक राज शुक्ला ने अपने साथी ओम सचान के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों कानपुर नगर से पिकअप में भाई-भाई ब्रांड की नमकीन लादकर बांदा जनपद के बदौसा और बबेरू में आपूर्ति करने गए थे। माल की बिक्री के बाद उन्हें 1,52,735 रुपये मिले थे। इसमें से 735 रुपये खर्च करने के बाद दोनों की नजर शेष 1.52 लाख रुपये पर थी। इसी रकम को गबन करने के लिए उन्होंने रास्ते में लूट की झूठी वारदात दिखाने का फैसला किया।

योजना के तहत बांदा से लौटते समय दोनों महाखेड़ा गांव के पास सुनसान स्थान पर रुके। राज शुक्ला ने नकदी नीले बैग में रखकर मोबाइल फोन बंद कर दिया और बैग साथी ओम सचान को सौंप दिया। इसके बाद ओम टेंपो से बिंदकी चला गया। इधर राज ने पेचकस से पिकअप का शीशा तोड़ दिया और पहले से मौजूद तमंचे को डैशबोर्ड पर रखकर पुलिस को बदमाशों द्वारा फायरिंग और नकदी लूटने की मनगढ़ंत सूचना दे दी। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों राज शुक्ला पुत्र सुशील शुक्ला निवासी स्टेशन रोड घाटमपुर और ओम सचान पुत्र जय प्रकाश सचान निवासी अच्छी मोहल्ला, स्टेशन रोड घाटमपुर, जनपद कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 1.52 लाख रुपये नकद, एक पोको मोबाइल फोन और एक पेचकस बरामद किया गया। पुलिस ने मुकदमे में साक्ष्यों के आधार पर अन्य धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

खुलासा करने वाली टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, क्राइम डिटेक्शन टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव, ललौली थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद वर्मा, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, कांस्टेबल राहुल यादव, अशोक पटेल, पुष्पेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल अनुप्रिया सिंह, खुशी मौर्य, कांस्टेबल अमन सिंह, प्रमोद कुमार, अतुल तिवारी और राहुल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now