अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपते सभासद।
– विद्युत उपकरणों पर पड़ रहा असर, सभासद ने एक्सईएन से लगाई गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आबूनगर-ककरहा और रूपवती कॉलोनी में बिजली की कम वोल्टेज समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज और पानी की मोटर सहित अन्य विद्युत उपकरण सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। गर्मी और उमस के बीच लो-वोल्टेज से लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है।
समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-02 आवास विकास कॉलोनी के सभासद दीपक कुमार मौर्य ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से वोल्टेज बेहद कम आ रहा है। इसकी शिकायत क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार विभागीय स्तर पर की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
सभासद ने विद्युत विभाग से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लाइन, ट्रांसफार्मर और लोड की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार कराया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
