– लंबे संघर्ष के बाद पूरी हुई शिक्षक संघ की मांग, स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने पर जताया आभार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश शासन ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को बड़ी सौगात देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के दायरे में शामिल कर लिया है। शासन के इस निर्णय का उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्वागत करते हुए इसे संगठन के लंबे संघर्ष और सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल ने कहा कि वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बावजूद कई कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे हैं। अब मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ मिलने से हजारों शिक्षक और उनके परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे तथा इलाज के दौरान आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी। शिक्षक संघ ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उत्तर प्रदेश शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े हर मुद्दे पर संगठन आगे भी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करता रहेगा। साथ ही प्रदेश के सभी वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें। संघ ने इस उपलब्धि का श्रेय संगठन के प्रेरणास्रोत स्व. ओम प्रकाश शर्मा एवं पंचानन राय के संघर्षपूर्ण नेतृत्व के साथ वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ शिक्षक नेता ध्रुव कुमार त्रिपाठी तथा प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा के सतत प्रयासों को दिया है। शासन के इस फैसले का स्वागत करते हुए जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल, अमित कुमार सिंह, बलराम, देवीप्रसाद, सन्तोष कुमार अग्निहोत्री, महेन्द्र पाल सिंह राठौर, नरेन्द्र सिंह कछवाह, सन्दीप कुमार तिवारी, अमित कुमार, अनिल कुमार पटेल, मोहम्मद फारुक तथा स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शास्त्री सहित अन्य शिक्षक नेताओं ने हर्ष व्यक्त किया और इसे वित्तविहीन शिक्षकों के सम्मान एवं हित में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताया।
