फोटो परिचय-  घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

* सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, वारदात में इस्तेमाल खून से सनी पेड़ की डाल बरामद

* ठेके के हिसाब में पांच से छह हजार रुपये का अंतर मिलने से जांच तेज

* एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर पुलिस को दिए जल्द खुलासे के निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। बिंदकी क्षेत्र के दुगरेई गांव में देशी शराब के ठेके पर सो रहे सेल्समैन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी जान चली गई। वारदात के बाद ठेके की चाबी निकालकर नकदी भी ले जाने की बात सामने आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी पेड़ की डाल बरामद की है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से लूटी गई रकम बरामद करने का दावा किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर तैनात सेल्समैन सतेंद्र सिंह रात करीब 12:15 बजे ठेके के पास पड़ी खाटों पर सो रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया। सिर पर लगातार वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिक्री के हिसाब में मिला नकदी का अंतर

घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर तिरपाल में लिपटी खून से सनी पेड़ की डाल मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ठेके की बिक्री, नकदी और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले दोपहर करीब दो बजे कलेक्शन करने आया व्यक्ति रुपये लेकर गया था। इसके बाद की बिक्री का हिसाब खंगालने पर देशी शराब के 90 पाउच बिकने की जानकारी मिली। जांच में ठेके की नकदी में करीब पांच से छह हजार रुपये का अंतर सामने आया। पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद ठेके की चाबी निकालकर उसमें रखी रकम भी ले जाई गई।

पुलिस की छापेमारी में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सेल्समैन की हत्या और नकदी ले जाने की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए संदिग्धों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से लूटी गई रकम बरामद की है। आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की वजह और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

उधर, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने और मामले का शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now