फोटो परिचय-  प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी की रणनीति बताते कांग्रेस जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष।

– 26 नवंबर को संविधान रक्षा यात्रा में शामिल होंगे सैकड़ों कार्यकर्ता

– कांग्रेस ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता से खिलवाड़ करने का लगाया आरोप

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता के मताधिकार की रक्षा को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली संविधान रक्षा यात्रा में फतेहपुर से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन ने जिले में जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की कवायद तेज कर दी है।

सोमवार को ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि मौजूदा दौर में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। उन्होंने भाजपा पर सत्ता हासिल करने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर जनता के फैसले को प्रभावित करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र, उत्तराखंड और मणिपुर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करना जनमत की भावना के विपरीत है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा के माध्यम से विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा में जिले की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पहले ही संगठनात्मक बैठक कर जिम्मेदारियां तय की जा चुकी हैं।

शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान ने निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन उसकी संस्थागत गरिमा प्रभावित होने के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी का जिक्र करते हुए दावा किया कि दस महीनों में 14 बार आपत्तियां दर्ज कराए जाने के बावजूद उन पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। लखनऊ में प्रस्तावित यात्रा के जरिए कार्यकर्ता अपनी आवाज प्रदेश सरकार और केंद्र तक पहुंचाएंगे।

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेता शेख एजाज अहमद, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव, पार्टी प्रवक्ता ई. डीपी दुबे, अरुण जायसवाल, पंडित रामनरेश महाराज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now