– जहानाबाद से बैग में रखे 2.80 लाख रुपये लेकर हुआ था फरार, राजगढ़ में पुलिस ने बिछाया जाल

– गिरफ्तार आरोपी के पास से 2.50 लाख रुपये बरामद, वारदात में शामिल दो अन्य की तलाश जारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। स्कूटी पर रखे नकदी से भरे बैग को पलक झपकते पार करने वाले शातिर चोर तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई। सीसीटीवी कैमरों से मिले सुराग और लगातार की गई छानबीन के बाद पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड निवासी अनिल कुमार गुप्ता दो नवंबर को 2.80 लाख रुपये लेकर बैंक और डाकघर में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान वह कस्बे के श्याम जी किराना स्टोर पर चेक लेने के लिए रुके। उन्होंने नकदी से भरा बैग अपनी स्कूटी के पायदान पर रख दिया। इसी बीच मौका देखकर एक व्यक्ति वहां पहुंचा और बैग लेकर चंपत हो गया। कुछ देर बाद नकदी गायब होने का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और चोरी की रकम बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की कई टीमें लगाकर जांच शुरू की गई। घटनास्थल समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध बैग लेकर जाता नजर आया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिरों की मदद से उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए।

जांच के दौरान संदिग्धों के तार मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से जुड़े मिले। इस पर जहानाबाद पुलिस की टीमें प्रदेश की सीमा पार कर बोड़ा थाना क्षेत्र पहुंचीं और आरोपियों की तलाश में जुट गईं। पुलिस ने बोड़ा-पचोर मार्ग से ग्राम कड़िया जाने वाले रास्ते पर प्रेमलीला होटल के समीप घेराबंदी कर एरूड़ पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम गुलखेड़ी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लाल रंग के झोले से चोरी के 2.50 लाख रुपये बरामद हुए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने वारदात में रणवीर पुत्र ज्वाला और आर्यन सिंह सिसोदिया पुत्र नरेंद्र सिंह सिसोदिया निवासी ग्राम कड़िया, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ के शामिल होने की जानकारी दी। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक बिंदेश कुमार गिरि, हेड कांस्टेबल सूर्यभान सिंह, इंद्रपाल तथा कांस्टेबल सूर्य प्रताप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सफलता पर सराहना करते हुए सभी को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now