फोटो परिचय- एनसीसी कैडेटों की जागरूकता रैली को रवाना करते डीएम व एसपी।
– यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा अभियान का हुआ शुभारंभ
– डीएम-एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए रविवार को नवंबर यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। तांबेश्वर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्वयं सड़क सुरक्षा की शपथ लेकर लोगों को नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके बाद डीएम ने एनसीसी कैडेटों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। थोड़ी सी लापरवाही न केवल वाहन चालक, बल्कि दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन सवारों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। कहा कि नियमों का पालन करके कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि तेज गति, नशे में वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चलाते समय यातायात संकेतों का ध्यान रखना और निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात माह का मकसद सिर्फ चालान और दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की सोच में बदलाव लाकर सड़क सुरक्षा को जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और एनसीसी कैडेटों ने यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और सड़क संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्साधिकारी, सीओ सिटी गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ दुर्गेशदीप, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रतीक मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, समाजसेवी अशोक तपस्वी तथा प्राइवेट बस एसोसिएशन अध्यक्ष फरहत अली सिद्दीकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
