भीषण गर्मी के बीच पानी पीती युवतियां।
– लू के थपेड़ों ने थाम दी जिंदगी की रफ्तार
– दोपहर होते ही सूनी हो जाती सड़कें, छांव व ठंडे पानी के लिए भटकते लोग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद इन दिनों भीषण गर्मी और प्रचंड लू की चपेट में है। आसमान से बरस रही आग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रविवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचते ही पूरा शहर तपते तवे में तब्दील हो गया। सुबह आठ बजे से ही सूरज ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए और दोपहर तक गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया।
तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के चलते शहर की सड़कों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर पर गमछा, तौलिया और छाता रखकर धूप से बचाव करते दिखाई दिए। हर कोई छांव और ठंडे पानी की तलाश में भटकता नजर आया। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए प्याऊ लोगों के लिए राहत का सहारा बने रहे, जहां राहगीरों और राह चलते मजदूरों की भीड़ पानी पीने के लिए जुटी रही। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से बच्चों के चेहरे लाल पड़ रहे हैं, जबकि बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दिनभर की तपिश के बाद शाम को भी गर्म हवाओं का असर कम नहीं हुआ, जिससे लोग देर रात तक उमस और गर्मी से बेहाल रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा लू का प्रकोप जारी रहेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने, अधिक मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
