भारतीय मजदूर संघ के सम्मेलन में भाग लेते विधायक व अन्य।
– भारतीय मजदूर संघ के सम्मेलन में पुरानी पेंशन बहाली व निजीकरण पर रोक की उठी मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय मजदूर संघ का आयोजित जिला सम्मेलन शादीपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ। सम्मेलन में मजदूर हितों को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई। कार्यक्रम में देश हित में करेंगे काम, काम का लेंगे पूरा दाम के नारों के साथ पुरानी पेंशन योजना लागू करने, मृतक आश्रितों की शत-प्रतिशत भर्ती तथा निजीकरण पर रोक लगाए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
मुख्य अतिथि अयाह-शाह विधायक विकास गुप्ता उर्फ बब्लू ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर उच्च स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने भव्य राम मंदिर निर्माण को मानव जाति के गर्व का विषय बताते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश सह-संयोजक राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित पर आधारित है। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूर विरोधी नीतियों और निजीकरण का खुलकर विरोध करेगा, लेकिन देश को कमजोर नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य श्रमिकों को उनका सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होने श्रमिक एकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे विभाग प्रमुख राधेश्याम ने भारतीय मजदूर संघ की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें जयशंकर गुप्ता को अध्यक्ष तथा रामनरेश को जिला मंत्री बनाया गया। साथ ही 21 पदाधिकारियों की नई टीम का गठन किया गया। इसके अलावा भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के प्रांतीय मंत्री घनश्याम त्रिपाठी ने भी अपनी यूनियन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें अमित अग्निहोत्री को अध्यक्ष बनाया गया तथा 22 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की गई। जिला सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विभाग कार्यवाह ज्ञानेन्द्र, घनश्याम त्रिपाठी सहित भारतीय डाक विभाग एवं भारतीय मजदूर संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मजदूर हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now