फोटो परिचय- पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए आरोपी और बरामद चोरी का सामान।

– कार से करते थे इलाकों की निगरानी, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

– दो चोरियों का पूरा माल, नकदी, मोबाइल और ताला तोड़ने के औजार बरामद

– गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो वारदातों में चोरी किया गया पूरा माल बरामद करने का दावा किया है। आरोपितों के पास से आठ एंड्रायड मोबाइल, 34,400 रुपये नकद, जेवरात और चोरी में इस्तेमाल कार समेत ताला तोड़ने के उपकरण मिले हैं।

पुलिस लाइन सभागार में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चार-पांच सितंबर और 16 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। साईं बिहार कालोनी और शेखपुर उनवा में हुई दोनों वारदातों में घरों के ताले तोड़कर जेवरात व अन्य सामान चोरी किया गया था। घटनाओं की जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगाला। फुटेज में संदिग्धों और एक कार की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह और दीपक उर्फ अंशू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं से संबंधित चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया। आरोपितों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन और 34,400 रुपये नकद के अलावा कार से तीन पाइप रिंच, प्लास, कटर, दो पेचकश और दो सब्बल भी बरामद हुए।

कार से करते थे रेकी

पुलिस के अनुसार आरोपी चार पहिया वाहन से रिहायशी इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। घर के लंबे समय तक बंद होने की पुष्टि के बाद मौका देखकर ताला और दरवाजा तोड़कर चोरी की जाती थी। पुलिस ने बताया कि कार पर राजनीतिक दल का स्टीकर भी लगा था, जिसका इस्तेमाल पुलिस की नजर से बचने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में छह कानपुर नगर के रहने वाले हैं, जबकि दीपक उर्फ अंशू फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के जरौली गांव का निवासी है। पूछताछ में गिरोह का संपर्क उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ मध्य प्रदेश तक होने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

एसपी ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा की टीम, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह की टीम, सर्विलांस सेल तथा क्राइम डिटेक्शन टीम के उपनिरीक्षक प्रवीण यादव व उनकी टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now