फोटो परिचय-  मतदान केंद्र का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– जिले के 15 मतदान केंद्रों पर 25 बूथों में 8,306 मतदाताओं ने किया मतदान

– विजयीपुर में सपा-भाजपा समर्थकों के बीच विवाद, पुलिस ने संभाली स्थिति

– डीएम-एसपी ने कई केंद्रों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर रखी नजर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन को लेकर शुक्रवार को जिले में मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चला। जिले के 15 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 25 बूथों में कुल 47.20 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। अब 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद ही जीत-हार की स्थिति स्पष्ट होगी।

जिले में इस चुनाव के लिए कुल 17,596 स्नातक मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 11,969 पुरुष और 5,627 महिलाएं शामिल थीं। मतदान के दौरान 8,306 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 6,067 पुरुष और 2,239 महिलाएं रहीं। आंकड़ों के मुताबिक पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 50.69 रहा, जबकि महिलाओं की भागीदारी 39.79 प्रतिशत दर्ज की गई।

विजयीपुर में आमने-सामने आए सपा-भाजपा कार्यकर्ता

मतदान के दौरान विजयीपुर विकास खंड कार्यालय स्थित बूथ संख्या 159 पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन की निगरानी में जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर भी मतदान प्रक्रिया जारी रही।

डीएम-एसपी ने परखी मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं

मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय रहे। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, क्षेत्र पंचायत विजयीपुर, क्षेत्र पंचायत बहुआ और तहसील खागा स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर लगी हैं। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से मान सिंह यादव और भारतीय जनता पार्टी की ओर से अशोक कुमार राठौर प्रमुख प्रत्याशियों के रूप में मैदान में हैं। दोनों दलों के समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर दावे कर रहे हैं, लेकिन मतगणना के बाद ही चुनावी तस्वीर साफ होगी।

सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने भी किया मतदान

फोटो परिचय-  मतदान के बाद केंद्र से बाहर आते सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी।

फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के तहत सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने अपने परिवारीजनों के साथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आईटीआई रोड स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सपा प्रत्याशी मान सिंह यादव की ऐतिहासिक जीत का दावा भी किया।

मतदान केंद्रों के बाहर राजनीतिक दलों ने लगाए बस्ते

फतेहपुर। स्नातक एमएलसी चुनाव में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच दिखाई दिया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों के बाहर अपने-अपने बस्ते लगाए। यहां पहुंचने वाले मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध कराई गईं और अपने प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की गई। मतदान समाप्त होने के बाद अब दोनों दलों के समर्थकों को मतगणना के नतीजों का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now