नहर कालोनी में बैठक करते भाकियू के पदाधिकारी।

मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर मंथन, ब्लाक घेराव की तिथियां भी तय

सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की मासिक बैठक रविवार को नहर कालोनी परिसर में हुई। बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार करते हुए 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने की। वक्ताओं ने कहा कि जिले में बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल शुरू कराया जाए और सभी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए। जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराने तथा तैयार टंकियों से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई।

किसान नेताओं ने नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने, अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाने और किसानों पर आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी रखी। खागा तहसील क्षेत्र में पशुओं के उपचार के लिए संचालित 1962 टोल फ्री वाहन सेवा को ऐरायां और विजयीपुर ब्लाक में भी लागू कराने की मांग की गई। इसके अलावा खतौनी में अंश निर्धारण और नाम संशोधन से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में आंदोलन की तिथियां भी तय की गईं। निर्णय लिया गया कि पांच सितंबर को असोथर ब्लाक और 30 सितंबर को मलवां ब्लाक का घेराव किया जाएगा। वहीं 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके अलावा 30 अगस्त को मुचुवापुर में पंचायत तथा 15 सितंबर को मांझे का पुरवा, उमरिहा बाजार में पंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस मौके पर अशोक उत्तम, रामसहाय पटेल, देवनरायन पटेल, नवल पटेल, दिनेश शुक्ला, नागेंद्र सिंह यादव, प्रमोद साहू, भानु पटेल, मोहित चंदेल और दीपू मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now