पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि पंजाब में नशे से प्रभावित परिवारों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंगलवार के नशे से नयी उम्मीद जगेगी। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। शाह ने रविवार को कहा था कि वह 20 अक्टूबर को पंजाब का दौरा करेंगे और उन लोगों के परिवारों से मिलेंगे, जिन्होंने हाल ही में मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जिलों में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान गंवाई।
केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया था कि पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने राज्य को “नशे की गर्त में धकेलने” में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ढिल्लों ने सोमवार को कहा कि शाह मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार, संगरूर के तूर बंजारा गांव में गुलजार सिंह के परिवार और गुरदासपुर के मारी पनवां गांव में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात करेंगे। ढिल्लों ने एक बयान में कहा कि पंजाब में नशे की समस्या और लोगों की बढ़ती चिंता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री का राज्य का दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।
