परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी।
– डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
– पारदर्शी व शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए कसे इंतजाम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। आगामी 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने राजकीय पॉलीटेक्निक परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा केंद्रों पर निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्र परिसर एवं उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार सतर्क रहने और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता और उनकी कार्यशीलता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही नकल माफियाओं एवं परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त सक्रियता से यह स्पष्ट हो गया है कि पुलिस भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के बीच संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा चुकी हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now