घायल हिस्ट्रीशीटर को लेकर जाती पुलिस टीम।

– पट्टीशाह के धोबी तालाब किनारे बाग में हुई फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार
– पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, बाइक और धारदार हथियार किए बरामद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। हथगांव थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से पट्टीशाह गांव का इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर रियाज कुरैशी और उसके साथी इसरार कुरैशी को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी। दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, मौके से भागने का प्रयास कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक 7/8 सितंबर की रात हथगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित कुछ आरोपी पट्टीशाह गांव के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धोबी तालाब के किनारे स्थित बाग को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए कार्रवाई की।

फायरिंग के दौरान रियाज कुरैशी के दाहिने पैर और इसरार कुरैशी के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों के घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लिया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ बदमाश भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकरगंज और हनीफ निवासी पीरनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए। इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी पुलिस के हाथ लगी है।

तलाशी के दौरान लोहे का चापड़, दो लोहे के चाकू, लकड़ी का चौकोर ठीहा, पीले रंग की त्रिपाल, तीन रस्सी/डोरी और काली पॉलीथीन का पैकेट भी बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश बरामद होने की भी जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल रियाज कुरैशी हथगांव थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों के साथ ही अन्य जनपदों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, इसरार कुरैशी के खिलाफ भी 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस

मुठभेड़ की कार्रवाई हथगांव थाने में दर्ज मु0अ0सं0 148/2025 की धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट से जुड़ी बताई गई है। पुलिस ने घायल बदमाशों को उपचार के लिए भेजने के बाद गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, उसके नेटवर्क और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now