फोटो परिचय- दिवंगत मनोज गुप्ता के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर श्रद्धांजलि देते पार्टीजन।
– हृदय गति रुकने से शनिवार सुबह ली अंतिम सांस, पार्टी नेताओं में शोक
– भृगुथौरा धाम में कांग्रेस ध्वज के साथ दी गई अंतिम विदाई
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज गुप्ता उर्फ घायल के आकस्मिक निधन से जिले के राजनीतिक गलियारों में शोक व्याप्त हो गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक ने उनके आवास पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दोपहर करीब तीन बजे भृगुथौरा धाम में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पार्टी का ध्वज उनके पार्थिव शरीर पर अर्पित कर संगठन की ओर से अंतिम सलामी दी। इस दौरान वरिष्ठ नेता सुधाकर अवस्थी, शिवाकांत तिवारी, पार्टी प्रवक्ता इंजीनियर डीपी दुबे, उपाध्यक्ष मणि प्रकाश दुबे, अरुण जायसवाल, आदित्य श्रीवास्तव, ओम प्रकाश कोरी, राजू लोधी और कैलाश समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शोकसभा में कांग्रेस नेताओं ने मनोज गुप्ता उर्फ घायल के संगठन के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि वह पार्टी के प्रति समर्पित और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले कर्मठ नेता थे। संगठन के हर दायित्व को उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उनके असामयिक निधन से कांग्रेस ने एक ऐसा साथी खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। अंत में सभी कांग्रेसजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
