फोटो परिचय-  कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जानकारी देते बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष।

– बाल विवाह व बाल मजदूरी रोकने के लिए कानूनों की दी जानकारी

– यौन उत्पीड़न से बचाव और शिकायत के तरीकों पर भी हुई चर्चा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। बचपन को शोषण और सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखने के लिए हुसैनगंज स्थित पीसीपी इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल श्रम और बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति सचेत करते हुए उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के उपायों से अवगत कराया गया।

नेहरू युवा संगठन टीसी, फावा, वात्सल्य एवं ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू और रामकृष्ण पांडेय ने बच्चों को कानून की बारीकियां समझाईं। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और बाल श्रम निषेध कानून की जानकारी देते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह और बच्चों से मजदूरी कराना उनके भविष्य तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नुकसानदायक है। पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को यौन अपराधों से बचाव और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की सीख दी गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक राजप्रिय पांडेय ने बच्चों को बताया कि किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित सहायता तंत्र से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को मदद प्राप्त करने के तरीकों से भी परिचित कराया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। इसमें प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी समेत बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इन्द्रपाल, शिक्षकगण, ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार, सुधांशु सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now