– जनसुनवाई ठप, विकास कार्य प्रभावित
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर पंचायत किशनपुर में पिछले लगभग चालीस दिनों से अधिशासी अधिकारी की तैनाती न होने से नगर पंचायत का प्रशासनिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ईओ के अभाव में नियमित जनसुनवाई नहीं हो पा रही है, जिससे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कस्बावासियों को लगातार भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर की कई मूलभूत समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। महीनों पहले आई तेज आंधी में एक विशाल पीपल का पेड़ गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन आज तक उसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। इससे आसपास के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। नगर पंचायत में सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्य भी ईओ की अनुपस्थिति के कारण प्रभावित बताए जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि संबंधित कार्यालय में पहुंचने पर भी उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान नहीं हो रहा, क्योंकि निर्णय लेने वाला अधिकारी मौजूद नहीं है। कस्बावासियों ने शासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि नगर पंचायत किशनपुर में जल्द से जल्द नियमित अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि जनसुनवाई फिर से शुरू हो सके और लंबित विकास कार्यों के साथ-साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि बिना ईओ के किसी भी नगर पंचायत का सुव्यवस्थित संचालन और विकास संभव नहीं है।
