फोटो परिचय- जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।
– 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
– डीएम ने 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया आगाज, विजेताओं को मिले पदक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खेल मैदान में मंगलवार को छात्र-छात्राओं का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जज्बा देखने को मिला। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने किया। उद्घाटन के साथ ही विभिन्न वर्गों की दौड़ और लंबी कूद जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। जिलाधिकारी ने गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर शांति व एकता का संदेश दिया। इसके बाद सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई। एनसीसी और स्काउट दल ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
खेल व्यक्तित्व विकास का माध्यम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि खेलों में सफलता का आकलन केवल जीत और हार से नहीं किया जाना चाहिए। अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और खेल भावना ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान बनाते हैं। खेल गतिविधियां विद्यार्थियों में टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से निरंतर अभ्यास करने और पूरी निष्ठा के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंटकर जिलाधिकारी का स्वागत किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका अलका गौड़ ने बैज और कैप पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
पदक पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद सह जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश, रेवाड़ी के प्रधानाचार्य कमल सिंह चौहान और सर्वोदय इंटर कॉलेज असोथर के प्रधानाचार्य संतोष सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य, रेल बाजार इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराम, जिला व्यायाम शिक्षक दिलीप कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा सिंह, कमाल अहमद, हरिशंकर, अतुल सिंह, मृदुल शुक्ला, शैलेंद्र तिवारी, विजयकरण श्रीवास, विक्रम सिंह, मनोज कुमार, आलोक सिंह और महेंद्र सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
