फोटो परिचय- कमिश्नरी बार एसोसिएशन प्रयागराज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित अम्बरीष सिंह।

– कमिश्नरी बार एसोसिएशन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन

– मौहारी-सरकंडी गांव में जश्न का माहौल, लोगों ने उपलब्धि को बताया जिले का गौरव

CITY NEWS FATEHPUR

असोथर/फतेहपुर(CNF)। न्यायिक क्षेत्र में फतेहपुर जनपद को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि सामने आई है। जिले के असोथर विकासखंड अंतर्गत मौहारी गांव निवासी अम्बरीष सिंह को कमिश्नरी बार एसोसिएशन, प्रयागराज मंडल के वर्ष 2026-27 के चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया है। इस पद पर उनका निर्विरोध निर्वाचन होने से उनके पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

अम्बरीष सिंह का परिवार लंबे समय से गांव और क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके पिता शत्रुघ्न सिंह उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता थे। वकालत के सिलसिले में परिवार का प्रयागराज से भी गहरा जुड़ाव रहा। वहीं, उनके दादा शिव प्रसाद सिंह ने कई दशकों तक गांव के मुखिया के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई और क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई।

कमिश्नरी बार एसोसिएशन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने को अधिवक्ता समुदाय में अम्बरीष सिंह की स्वीकार्यता के रूप में देखा जा रहा है। उनके निर्वाचन की खबर मिलते ही मौहारी-सरकंडी के लोगों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे फतेहपुर के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि वह अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार 13 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे प्रयागराज स्थित गांधी सभागार में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

अम्बरीष सिंह की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव में विशेष उत्साह है। ग्रामीणों का मानना है कि उनकी नई जिम्मेदारी से मौहारी-सरकंडी के साथ फतेहपुर जनपद की पहचान भी न्यायिक जगत में और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now